गोपेश्वर।
दीपावली के पर्व पर हरियाली क्लस्टर, देवर खडोरा की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा गोपेश्वर कलेक्ट्रेट परिसर स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार सजावटी वस्तुओं की बिक्री के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर महिलाओं के हुनर और रचनात्मकता से तैयार दीपावली के पारंपरिक एवं सजावटी उत्पादों सहित विभिन्न स्थानीय उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
स्टॉल में बजरंगबली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार आकर्षक दीपक एवं मूर्तियां तथा हिलांस और भवानी स्वयं सहायता समूहों के विभिन्न उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। वहीं, देवभूमि स्वयं सहायता समूह की अंजू राणा सहित अन्य महिलाएं भी दीपावली के अवसर पर मिट्टी के दीये और अन्य घरेलू उपयोग के उत्पाद बिक्री के लिए लेकर पहुंची हैं। महिलाओं द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए इन उत्पादों में स्थानीय कला, परंपरा और रचनात्मकता की झलक देखने को मिल रही है।
ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता विकास और विपणन के अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच मिल रहा है।

