पीपलकोटी। चमोली।
मायापुर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने से टनल के अंदर कई लोग फंस गए हैं। स्थानीय प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। चमोली के जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 16 लोगों का टनल से सुरक्षित निकाल लिया गया है।
यह हादसा गुरुवार सांय चमोली जिले के मायापुर-हाट (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार टनल में सांय सात बजे के आसपास मलबा एवं पानी भरने की सूचना मिली थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टनल में कार्य कर रहे 18 से 19 लोगों के फंसने की सूचना है। उक्त निर्माण कार्य एचसीसी कंपनी द्वारा किया जा रहा था।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि घटना की सूचना मिलते ही खोज एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू कर दिया गया। अब तक 16 व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि शेष लोगों की तलाश एवं सुरक्षित रेस्क्यू के लिए अभियान लगातार जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं। वहीं डीआईआरएफ, स्थानीय पुलिस एवं सीआईएसएफ के जवानों द्वारा मौके पर वर्तमान में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा बचाव एवं राहत कार्यों के लिए सभी आवश्यक संसाधन मौके पर जुटाए जा रहे हैं।

