HomeChamoliUttarakhand-Chamoli. उत्तराखंड के प्रागैतिहासिक धरोहर गोरख्या उड्यार के लुप्त होते शैलचित्र.

Uttarakhand-Chamoli. उत्तराखंड के प्रागैतिहासिक धरोहर गोरख्या उड्यार के लुप्त होते शैलचित्र.

विनय सेमवाल*
उत्तराखंड में आद्य ऐतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण गोरख्या उड्यार (शैलाश्रय) में पुरापाषाण कालीन मानव द्वारा शिला-खण्डों पर उकेरे गए शैलचित्र, समय की मार और उचित संरक्षण के अभाव में अब पूर्णतः नष्ट होने की कगार पर पहुँच चुके हैं।

यह प्रमुख प्रागैतिहासिक स्थल गोपेश्वर से 16 किलोमीटर की दूरी पर स्थित डुंगरी गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर, अलकनंदा नदी के दाहिनी ओर अवस्थित है। इस स्थल की खोज वर्ष 1985 में प्रसिद्ध पुरातत्वविद् डॉ. राकेश चंद्र भट्ट द्वारा की गई थी।

शैलाश्रय में बने हजारों वर्ष पुराने ये भित्ति चित्र आद्य ऐतिहासिक पुरातत्त्व के अध्ययन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण थे। ये चित्र तब के मानव समाज की उस संक्रमणकालीन यात्रा के प्रत्यक्ष प्रमाण थे, जब वह शिकारी-यायावर जीवन से आगे बढ़कर कृषि, पशुपालन और ग्राम्य जीवन की ओर अग्रसर हो रहा था। मध्यपाषाण काल (10000 से 8000 ई.पू.) की इस विकास यात्रा की झलक इन चित्रों में स्पष्ट रूप से मिलती है।

गोरख्या उड्यार में स्थित यह शैलाश्रय 6 मीटर लंबा और 4 मीटर चौड़ा था, जिसकी शिला पर पीले रंग के धारीदार पाषाण पर गहरे लाल और गेरुए रंग में आखेट (शिकार- हाँका देना) की विषयवस्तु पर आधारित शैलचित्र बनाए गए है।

शिला पर कुल 41 प्रतीकात्मक आकृतियाँ अंकित थीं—जिनमें 30 मानव, 8 पशु, और 3 गुलाकार पुष्पाकृतियाँ थीं। मानव आकृतियों का चित्रण अत्यंत सरलीकृत शैली में किया गया था, जिनकी देह को त्रिशूलाकार आधार से और पैरों को कोष्टकों द्वारा दर्शाया गया था।

पशु आकृतियाँ एक आयत पर सिर, पाँव और पूँछ जोड़कर निर्मित की गई थीं।विशेष रूप से तीन गुलाकार पुष्पाकृतियाँ प्रागैतिहासिक चित्रकला की दृष्टि से अत्यंत आकर्षक और कलात्मक थीं।

इनके नष्ट होने के कगार पर पहुंचने के कारणों की बात करें तो वर्ष 2013 में गढ़वाल विश्वविद्यालय के शोध दल द्वारा इस स्थल का पुनः निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने 1985 में देखे गए मूल स्वरूप की तुलना में कई गंभीर परिवर्तन दर्ज किए: मसलन जैसे शिला की मूल संरचना का आंशिक रूप से ध्वस्त (collapse) हो जाना,चित्रित सतह का अत्यधिक क्षरण होना तथा शैलाश्रय का प्रत्यक्ष सूर्यप्रकाश और वर्षा के संपर्क में आना आदि। दल ने इन सब परिवर्तनों के लिए अलकनंदा नदी पर निर्मित विष्णुगाड़-पिपलकोटी जलविद्युत परियोजना के कारण हुए पर्यावरणीय परिवर्तन को भी माना।

दल के निरीक्षण के दौरान ही शिला के दाहिनी ओर के शैलचित्र आंशिक रूप से धुंधले हो चुके थे।जबकि बाईं ओर के चित्र पूर्णतः विलुप्त हो गए थे।

गोरख्या उड्यार के शैलचित्र केवल प्रागैतिहासिक कला का उदाहरण ही नहीं थे, बल्कि वे मानव सभ्यता के विकास की शुरुआती कहानी के मौन साक्षी भी थे। उनका नष्ट हो जाना न केवल एक सांस्कृतिक क्षति है, बल्कि यह हमारे विरासत संरक्षण तंत्र की विफलता का भी प्रमाण है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments