HomeChamoliUttarakhand. Chamoli चमोली में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर भाजपा नेताओं...

Uttarakhand. Chamoli चमोली में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने तेज की पहलप्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट एवं चमोली प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी से मिला

गोपेश्वर । भाषा।
सीमांत जनपद चमोली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा जनपद चमोली के वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा जनपद चमोली के प्रभारी मंत्री एवं ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज की स्थापना के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि चमोली केवल एक पर्वतीय जनपद ही नहीं, बल्कि देश की सीमाओं से लगा अत्यंत महत्वपूर्ण सीमांत जनपद है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की सीमित उपलब्धता के कारण गंभीर बीमारी अथवा दुर्घटना की स्थिति में मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह बिष्ट ने बताया कि चमोली से एम्स ऋषिकेश की दूरी लगभग 300 किलोमीटर है। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं, खेती-किसानी के दौरान होने वाली घटनाओं तथा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में घायल अथवा गंभीर मरीज को समय पर उच्च चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाना बेहद चुनौतीपूर्ण हो जाता है। कई बार उपचार में देरी के कारण मरीजों की जान तक चली जाती है।

उनका कहना था कि जिस सीमांत जनपद का युवा बड़ी संख्या में सेना में भर्ती होकर देश की सीमाओं की रक्षा करता है, उस जनपद के परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए दूसरे जनपदों की ओर भटकना पड़े, यह स्थिति बदलनी आवश्यक है। चमोली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से स्थानीय लोगों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उनके निकट उपलब्ध होगी।

बिष्ट ने बताया कि चमोली के लोग मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने में सरकार का सहयोग करने को तैयार हैं। केंद्र और राज्य सरकार यदि मिलकर इस दिशा में ठोस पहल करती हैं तो मेडिकल कॉलेज सीमांत जनपद चमोली के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन का माध्यम बन सकता है।
प्रतिनिधि मंडल के नेताओं का कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी गई है। इसी दृष्टि से सीमांत जनपद चमोली में भी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में ठोस पहल की जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट एवं प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी से आग्रह किया कि चमोली की विषम भौगोलिक परिस्थितियों, सीमांत क्षेत्र की संवेदनशीलता और जनता की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए मेडिकल कॉलेज की स्थापना को प्राथमिकता प्रदान करते हुए शासन स्तर पर प्रभावी पहल की जाए।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, नगर पालिका परिषद गोपेश्वर अध्यक्ष संदीप सिंह रावत, पूर्व प्रमुख एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नंदन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री, पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णमणि थपलियाल, पूर्व बदरी-केदार मंदिर समिति उपाध्यक्ष किशोर सिंह पंवार, पूर्व मंडल अध्यक्ष पोखरी एवं जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा तथा वरिष्ठ भाजपा नेता दिगंबर सिंह रावत शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments