दुनू राय
फकीरों का कहना है, “खाली हाथ आये थे, खाली हाथ जाना है,” परन्तु कर्मयोगी आने पर कुछ लेते हैं, जाने पर कुछ देते हैं। शायद इसी को धरोहर कहते हैं। बंकर रॉय ऐसे ही कर्मयोगी थे। माँ रूस में ‘स्टेट ट्रेडिंग कारपोरेशन’ की विशेष दूत; बाप भारतीय रेल में बड़े इंजीनियर। विख्यात ‘दून स्कूल’ और ‘सेंट स्टीफॅन्स कॉलेज’ में पढ़े हुए छात्र। आसानी से प्रमुख अधिकारी, राजदूत, प्रोफेसर बन सकते थे, लेकिन सब छोड़ कर राजस्थान के गांवों में पहुँच गए और वहीँ आखिरी सांस भी ली। विरासत लेने में थी, या देने में, या लेन-देन के बीच के सफर में?
बंकर खुद कहते थे, “गलत स्कूल, गलत कॉलेज में गलत पढ़ाई मिली, जिससे मैं बर्बाद हो गया।” क्या उन्हें उस पढ़ाई से सीखने को कुछ नहीं मिला? कुछ संवेदना ज़रूर रही होगी, नहीं तो बिहार में 1966 के दुर्भिक्ष के समय अपनी सेवा अर्पित करने क्यों पहुँच गए? और जब पहुंचे तो गरीबी देख कर दया माया बढ़ गयी? या अपनी अक्षमता से विचलित हुए? उच्च शिक्षित होने का घमंड चूर-चूर हो गया!
सेवा भावना को छोड़कर वे ‘विकास’ की खोज में निकले, ताकि गरीब, गरीब न रहें। अंग्रेजी साहित्य के पाठ्यक्रम में इसके बारे में पढ़ाया नहीं जाता है। इसलिए उस समय के ‘विकास संस्थानों’ में जाकर खुद सीखने लगे। जब लगा कि आवश्यकतानुसार सीख लिया है तब राजस्थान के तिलोनिया गांव में अपना चमीटा गाड़ दिया। संस्था का नाम रखा ‘समाजकार्य एवं अनुसंधान केंद्र’ या ‘सोशल वर्क एण्ड रिसर्च सेंटर।’ “अनुसंधान” शब्द पर गौर कीजिये। कर्म का विवेक से रिश्ता है, इसी का संकेत देता है। अर्थात प्रश्न पूछना काम करने का अनिवार्य अंग है।
विकास कार्यों में प्रश्नों की बौछार होना स्वाभाविक है। अगर ‘बोरवैल’ खोदते हैं तो ‘हत्थुपंप’ लगाना पड़ेगा। पम्प बिगड़ गया तो ठीक कौन करेगा? स्थानीय युवाओं को पम्प सुधारने का काम सिखाया जा सकता है? थोड़ी-बहुत साक्षरता हो तो क्या प्रशिक्षण सरल नहीं हो जाएगा? स्वस्थ रहेंगे तो काम करने में भी आसानी होगी। हस्तशिल्प और कारीगरी से कमाई बढ़ानी है तो बाजार और उधार कहाँ मिलेंगे? उत्तर ढूंढ़ने के लिए शोध की आवश्यकता है। बंकर से प्रभावित तमाम डॉक्टर, इंजीनियर, मैनेजर, कलाकार मित्रों की फ़ौज ने इसमें मदद की।
वर्ष 1961 से 1987 तक सरकार ने भी कई योजनाएं स्थापित कीं, जिनमें लघु उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, शिशु एवं महिला कल्याण और जल-प्रबंधन को प्रोत्साहित किया गया था। उसी बीच उदयपुर स्थित संस्था ‘सेवा मंदिर’ ने सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मियों का व्यापक प्रशिक्षण किया। सन् 1970 में चीन के हुनान प्रदेश में ‘बेयरफुट (नंगे पैर वाला) डॉक्टर निर्देशिका’ छपी थी, जिसका अनुवाद अमेरिका में 1974 में हुआ था। इन सभी से सीखकर बंकर ने ‘सोशल वर्क एण्ड रिसर्च सेंटर’ के समानांतर 1986 में ‘बेयरफुट कॉलेज’ (बीसी) की स्थापना की जिसमें स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं को हर कला और हुनर में प्रशिक्षण मिल सके।
बंकर के कुछ बुनियादी मूल्य थे जिनको वे किसी भी कीमत पर त्यागने को तैयार नहीं थे। जैसे कि बराबरी में दृढ़ विश्वास। ग्रामीण मानें या न मानें, वे अपनी गुहार सर्वोच्च न्यायालय तक ले गए। राजस्थान में 1983 के अकाल के समय राहत कार्यों में श्रमिकों को ‘न्यूनतम वेतन’ देने से सरकारी छूट मिल गयी थी। इसको चुनौती देते हुए बंकर ने महिलाओं को भी समान वेतन देने की लड़ाई जीती। उन्होंने ‘योजना आयोग’ के सहयोग से समाजसेवी संस्थाओं (एनजीओ) में पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए संहिता बनाई। ‘सोशल वर्क एण्ड रिसर्च सेंटर’ और ‘बेयरफुट कॉलेज’ दोनों में सभी को ‘न्यूनतम वेतन’ से अधिक देने का संकल्प लिया।
विकास-जनित प्रश्नों से जूझते हुए प्रगतिशील व्यक्ति अक्सर हक़ की लड़ाई के लिए संगठन बनाने लगते हैं, लेकिन बंकर ने ‘सोशल वर्क एण्ड रिसर्च सेंटर’ और ‘बेयरफुट कॉलेज’ को इस तरफ बढ़ने नहीं दिया। जब स्वाभाविक रूप से कुछ कार्यकर्ताओं ने (जिसमें बंकर की जीवनसाथी अरुणा रॉय भी शामिल थीं) ‘मज़दूर किसान शक्ति संगठन’ (एमकेएसएस) की नींव रखी, तब बंकर अलग रहे, लेकिन पूरा सहयोग दिया।
मध्यप्रदेश में कार्यरत ‘शहडोल ग्रुप’ और ‘विदूषक कारखाना’ को अनुदान की ज़रूरत थी तो ‘सोशल वर्क एण्ड रिसर्च सेंटर’ ने हाथ बढ़ाया। बंकर का ऐसा ही सहयोग आलीराजपुर जिले के ‘खेडूत मजदूर चेतना संगठ’ और झाबुआ जिले के ‘सम्पर्क ग्राम’ को भी मिला। ‘सोशल वर्क एण्ड रिसर्च सेंटर’ से निकली कई शाखाओं में से कुछ ने अपने क्षेत्रों में आंदोलन शुरू किये तब भी बंकर का साथ रहा। “गरीब के साथ, सबका हाथ” उनकी अघोषित मान्यता थी।
अपने सफर में अपने तरीके से बंकर मज़ा भी लेते रहे। किसी जमात में ज़्यादा बहस होने पर हंस उठते, “तुम लोग कितनी हवाबाज़ी करते हो!” राजस्थान में महिलाओं को छत पक्की करने का काम दिया जाता है क्योंकि उसमें घंटों छत के मसाले को कूटना पड़ता है, परन्तु इसे बंकर अक्सर महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रमाण बताते थे, कि वे इस काम में पारंगत हैं। एक समय उन्होंने गांधीजी को उद्धृत करते हुए अपने सफर के बारे में कहा, “पहले वे हमें अनदेखा करते हैं, फिर हँसते हैं, फिर झगड़ते हैं, फिर हम जीतते हैं।” बाद में पता चला कि यह गांधीजी का कथन था ही नहीं, बल्कि अमेरिका के किसी यूनियन नेता ने यह कहा था!
बंकर के सफर के ये अलग-अलग पड़ाव हैं : कभी काम करो; कभी काम से सवाल पूछो; कभी उत्तर की खोज में आगे बढ़ो; कभी किसी खूँटी पर अड़ जाओ; लेकिन लगातार सबका साथ निभाओ। शायद यही उसकी दी हुई विरासत है और इसके अनुकरण करने से सामाजिक परिवर्तन का कारवां बढ़ता रहेगा। (सप्रेस)
❖ शोधकर्मी दुनू राय हॅजार्ड सेंटर, दिल्ली से जुडे है। श्री रॉय ने आईआईटी बॉम्बे से केमिकल इंजीनियरिंग में एम टेक किया और जीवन भर सामाजिक सक्रियता से जुड़े रहे।

