गोपेश्वर।
बदरीनाथ में आध्यात्मिक स्मार्ट सिटी मास्टर प्लान के तहत बनाया जा रहा एक अस्थाई पुल बनने से पहले ही अलकनंदा नदी में गिरा, जिससे पुल के साथ काम कर रहे दो मजदूर भी अलकनंदा नदी में जा गिरे। एक मजदूर किसी तरह जान बचा कर किनारे लग गया है जबकि एक अलकनंदा की तेज धार में बह कर लापता है। लापता मजदूर उत्तर प्रदेश का निवासी है।
हादसा बुधवार दोपहर में हुआ। लापता मजदूर की खोजबीन में पुलिस जुटी है। चमोली पुलिस के अनुसार दुर्घटना दोपहर 12:40 के आसपास हुई। श्री बद्रीनाथ स्पिरिचुअल स्मार्ट सिटी मास्टर प्लान के तहत कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग की प्रोजेक्ट इंप्लीमेंट यूनिट द्वारा ब्रह्म कपाल में अस्थाई पुल के निर्माण कार्य के दौरान यह हादसा हुआ। जिसमें दो मजदूर बह गए थे, जिसमे से बरेली निवासी 28 वर्षीय सोनू पुत्र स्वर्गीय श्री दयाराम निवासी ग्राम रौंदी, थाना सुभाषनगर अभी भी लापता हैं। रघुवीर पुत्र श्री राजेंद्र प्रसाद निवासी उपरोक्त उम्र 30 वर्ष स्वयं से ही किनारे आ गया था। जिसे प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्री बद्रीनाथ में भर्ती किया गया है। सोनू की ढूंढ ख़ोज एसडीआरएफ/स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
चमोली के पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बद्रीनाथ मंदिर के समीप ब्रह्मकपाल के पास यह अस्थाई पुल बनाया जा रहा था। निर्माण के दौरान पुल का एक हिस्सा अलकनंदा में झुक गया था। जिससे मजदूर भी नदी में गिर गए।
यह अस्थाई पुल मास्टर प्लान के कार्यों के लिए निर्माण सामग्री को नारायण पर्वत की ओर ले जाने के लिए बनाया जा रहा था।
उल्लेखनीय है कि बद्रीनाथपुरी में बदरीनाथ आध्यात्मिक स्मार्ट सिटी मास्टर प्लान के तहत बदरीनाथ में करोड़ों रुपए की लागत से निर्माण कार्य शुरू किए गए हैं। इनमें से अधिकतर कार्य लोकनिर्माण विभाग की परियोजना ईकाई की ओर से विभिन्न कंपनियों के जरिए कराया जा रहा है।
Badrinath temporary bridge collapse.