गोपेश्वर।
चमोली जिले के नीती गांव समेत सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाले मलारी-नीती मोटर सड़क पर मलारी और नीती को जोड़ने वाला मोटर पुल क्षतिगस्त हो गया है। जिससे सीमांत इलाकों के पांच ग्राम सभाओं और सीमांत का मोटर आवागमन बाधित हो गया। जिला प्रशासन की ओर से घटना की पुष्टि करते हुए पुल की मरम्मत का कार्य शुरू करने की जानकारी दी गई है।
जोशीमठ के प्रधान संघ के पदाधिकारी और घाटी के गरपक गांव के प्रधान पुष्कर सिंह राणा ने पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार तीन चार बजे के बीच यह पुल टूटा। भारत-तिब्बत सीमा को जोड़ने वाली मलारी-नीती सड़क पर मलारी से 1 किमी0 आगे बुरांस में यह पुल टूटा।
मलारी से कैलाशपुर, फरकिया, बाम्पा, गमसाली, नीती और सीमा को जोड़ने वाली यह एकमात्र मोटर सड़क है। पुल टूटने से नीती घाटी के कैलाशपुर, बम्पा, गमशाली नीती गांवों समेत सीमांत क्षेत्र का मोटर संपर्क कट गया है।
उन्होंने बताया कि वर्षों से जर्जर यह बैली ब्रिज दुर्घटना को न्योता दे रहा था लेकिन इस तरफ न तो सड़क की देखरेख करने वाले विभाग पीडब्ल्यूडी ने सुध ली न सीमांत क्षेत्रों में सड़क निर्माण करने वाली कार्यदायी संस्था बीआरओ ने ली। पुल उस समय टूटा जब माल से भरा डंपर उसके उपर से गुजर रहा था, पुल के साथ यह ट्रक भी नदी में गिर गया।
पिछले लंबे समय से सीमा क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के निर्माण एजेंसियों के दावों पर इस घटना ने प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। निर्माण अधिकारियों से इस संबंध में संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन संपर्क नहीं हो सका। सूचना विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना की पुष्टि की है।
A bridge joining Niti and Malari village in District Chamoli has collapsed.

