गोपेश्वर।
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने शनिवार को बदरीनाथ का दौर किया और आगामी चार धाम यात्रा के लिए पुलिस बल को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने इस दौरान बद्रीनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटीरत आइ.टी.बी.पी के जवानों से भेंट की, उन्हें फल तथा मिष्ठान भी वितरित किया। इसके साथ ही
बद्रीनाथ धाम में वर्तमान में चल रहे, मास्टर प्लान के निर्माण कार्य में मंदिर परिसर में स्थाई पुलिस चौकी तथा मंदिर सुरक्षा गार्द के लिए नजदीक में भवन बनाने के लिए जिला प्रशासन तथा शासन स्तर पर पत्राचार के निर्देश अपने अधीनस्थों को दिए। पुलिस द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।
इस दौरान मंदिर तथा बद्रीनाथ धाम के सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर डीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रभावी सी.सी.टी.वी कवरेज दिए जाने और सालभर कवरेज की व्यवस्था करने हेतु पुलिस संचार के अपर पुलिस महानिदेशक तथा जनपद के आर आई रेडियो को निर्देशित किया गया।
बद्रीनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालु पर्यटक बड़ी संख्या में देश के प्रथम गांव माणा तथा आगे वसुधारा के लिए जाते हैं इसलिए माणा पर भी देखरेख पुलिस चौकी बनाये जाने की आवश्यकता जताई और कहा कि अब बद्रीनाथ धाम में रहने लायक मौसम हो गया है, निर्माण कार्य भी यहां चल रहे हैं इसलिए बद्रीनाथ के कपाट खोले जाने से पूर्व ही बद्रीनाथ में थाने का कार्य बद्रीनाथ से ही शुरू करने के लिए पुलिस अधीक्षक चमोली को निर्देश दिए।
बद्रीनाथ थाने को आवंटित भूमि का भी उन्होंने अवलोकन किया। वहां अस्थाई आवास बनाए जाने हेतु भी पुलिस अधीक्षक चमोली को निर्देशित किया ।
इस दौरान आइटीबीपी कैंप माणा भी गए । वहां जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए उनके साथ संवाद स्थापित किया। भ्रमण के दौरान उनके साथ चमोली के पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बद्रीनाथ में उपस्थित थे।

