देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शैक्षणिक भ्रमण पर निकले देवप्रयाग इलाके के स्कूली छात्रों से मुलाकात की और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए व्यवहारिक बातें बताई।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वे जिस भी क्षेत्र में कार्य करें, एक लीडर की भूमिका में कार्य करें। और कहा कि किसी भी कार्य को पूर्ण मनोयोग एवं दृढ़ निश्चय से करेंगे तो उसमें सफलता निश्चित है। उन्होंने कहा कि मनुष्य के भीतर अनंत ऊर्जा का भंडार है। ऊर्जा का संचार सकारात्मक हो तो कोई भी कार्य असंभव नहीं है।
विद्यायक विनोद कंडारी की इस पहल की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि देवप्रयाग के विधायक विनोद कण्डारी द्वारा मेधावी बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर ले जाने की यह पहल सराहनीय है। छात्रों को भारत भ्रमण में नई-नई चीजें सीखने को मिलेंगी। भारत दर्शन करने के साथ-साथ ये भविष्य दर्शन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर छात्र-छात्राओंको आश्वस्त किया कि राज्य के अन्य मेधावी छात्रों को भी इस तरह से भारत भ्रमण पर ले जाने के लिए राज्य सरकार की ओर से कार्य योजना बनाई जायेगी। उन्होंने कहा कि इस भ्रमण के दौरान इन मेधावियों को शैक्षिक एवं औद्योगिक संस्थानों के बारे में भी जानकारी प्राप्त होगी।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विद्यायक विनोद कण्डारी ने बताया कि 19 दिसम्बर 2022 तक देवप्रयाग विधानसभा के हाईस्कूल में उच्च स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को विभिन्न स्थानों पर शैक्षिक भ्रमण कराया जा रहा है। शैक्षिक संस्थानों के अलावा इन मेधावी छात्रों को औद्योगिक एवं अन्य संस्थानों का भ्रमण भी कराया जायेगा।