गोपेश्वर।
श्री बदरीनाथ केदारनाथ मन्दिर समिति की अनुमति के बिना दान के लिए मंदिर परिसर के बाहर दान के लिए क्यूआर कोड लगाए जाने के मामले में बदरीनाथ में भी अज्ञात व्यक्तियों के विरूद्ध थाने में अभियोग पंजीकृत किया गया है। इस मामले पर चमोली के पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं।
सोमवार को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मन्दिर समिति के पदाधिकारियों ने बदरीनाथ थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।
जिसमें आरोप लगाया गया था कि भगवान बद्री विशाल के कपाट खुलने के दूसरे दिन अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा बिना मन्दिर प्रशासन की अनुमति के मन्दिर परिसर के सिंहद्वार व निकासी गेट पर क्यू0आर कोड के माध्यम से दान प्राप्ति हेतु बोर्ड लगाये गये थे । जिसकी जानकारी होने पर मन्दिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा उक्त बोर्ड हटाए। बिना मन्दिर समिति की अनुमति के लगाये गये संदिग्ध बोर्ड की सूचना को गम्भीरता से लेते हुए चमोली के पुलिस अधीक्षक चमोली प्रमेन्द्र डोबाल द्वारा श्री बद्रीनाथ के थानाध्यक्ष को इस मामले में तत्काल अभियोग पंजीकृत कर जांच करने के आदेश दिए हैं । बद्रीनाथ मंदिर समिति की ओर से प्रभारी अधिकारी की ओर से की गई शिकायत पर बदरीनाथ में मु0अ0सं0 01/2023 धारा 420 भा0द0वि0 बनाम अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इससे पूर्व केदारनाथ में भी इसी तरह की वारदात पर भी मंदिर समिति की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।

